Lok Sabha Election Results: बिहार में वामदल के 2 प्रत्याशियों ने लहराया जीत का परचम, तीन को मिली हार

Wednesday, Jun 05, 2024-02:09 PM (IST)

पटना: बिहार लोकसभा चुनाव में वामदल के दो प्रत्याशी ने जीत का परचम लहराया, जबकि तीन प्रत्याशी पराजित हो गए। इस बार के चुनाव में इंडी गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारा के तहत वाम दल को पांच सीट मिली। वामदल में शामिल भाकपा-माले आरा, काराकाट और नालंदा, भाकपा ने बेगूसराय और माकपा ने खगड़िया सीट से चुनाव लड़ा। 

सुदामा प्रसाद और राजाराम सिंह ने चखा जीत का स्वाद
आरा संसदीय सीट के भाकपा माले के प्रत्याशी सुदामा प्रसाद और काराकाट संसदीय सीट से भाकपा माले के राजाराम सिंह ने जीत का स्वाद चखा, जबकि नालंदा में भाकपा माले प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। बेगूसराय संसदीय सीट से भाकपा प्रत्याशी अवधेश कुमार राय को शिकस्त मिली, वहीं खगड़िया से माकपा प्रत्याशी संजय कुमार को हार का सामना करना पड़ा। कारकाट संसदीय सीट पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) प्रत्याशी राजाराम सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को एक लाख पांच हजार 858 मतो के अंतर से पराजित किया। वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे। 

जदयू ने बरकरार रखी नालंदा सीट
आरा संसदीय संसदीय सीट से भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) उम्मीदवार सुदामा प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री आर.के. सिंह को 59 हजार 808 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव आयोग के अनुसार, भाकपा माले उम्मीदवार सुदामा प्रसाद को 529382 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्धंदी भाजपा के सिंह को 469574 मत मिले। नालंदा संसदीय संसदीय सीट से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार कौशलेन्द्र कुमार ने भाकपा माले प्रत्याशी पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ को एक लाख 69 हजार 114 मतों के अंतर से पराजित किया। जदयू ने यह सीट बरकरार रखी। 

बेगूसराय में पांचवीं बार NDA का कब्जा
खगड़िया संसदीय संसदीय सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उम्मीदवार राजेश वर्मा ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) प्रत्याशी संजय कुमार को एक लाख 61 हजार 131 मतों के अंतर से पराजित किया। बेगूसराय संसदीय सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के अवधेश कुमार राय को 81480 मतों के अंतर से पटखनी देकर इस क्षेत्र में राजग का पांचवीं बार कब्जा बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static