मोतिहारी में ट्रैक्टर मैकेनिक का मर्डर, हमलावरों ने ताबड़तोड़ चलाई गोलियां; वारदात से थर्रा उठा इलाका
Friday, Jun 13, 2025-11:36 AM (IST)

Motihari Crime News: बिहार के मोतिहारी में बेखौफ बदमाशों ने ट्रैक्टर मैकेनिक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं इस खौफनाक घटना के बाद पूरा इलाका दहल उठा।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की है। मृतक शख्स की पहचान सुभान के रूप में की गई है जो कि ट्रैक्टर मैकेनिक थे। वह खुद का गैराज चलाते थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरूवार रात सुभान अपना गैराज बंद कर घर लौट रहे थे तभी रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि सुभान को बदमाशों ने तीन गोलियां मारी जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं फायरिंग करने के बाद बदमाश मौके से भाग गए। आनन-फानन में स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां इलाज के लिए कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। वहीं कुछ समय बाद सुभान ने दम तोड़ दिया।
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि वारदात को अंजाम दिए जाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका।