देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश, 3 नाबालिग बच्चियां मुक्त; 8 लोग गिरफ्तार
Friday, Jul 17, 2026-05:24 PM (IST)
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन नया सवेरा' के तहत देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया तथा आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनमनखी के मवेशीहाट स्थित आम्रपाली नगर में सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान देह व्यापार के धंधे से तीन नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया गया। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी में देह व्यापार और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह के दो पुरुषों एवं छह महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। मौके से मोबाइल फोन, स्कैनर समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।
अभियान में ट्रिनिटी इंडिया ट्रस्ट के सामाजिक कार्यकर्ता जय कृष्ण गुसांग, बचपन बचाओ आंदोलन के सदस्य सज्जाद आलम, बनमनखी थाना पुलिस तथा महिला एवं पुरुष पुलिस बल शामिल थे। इस संबंध में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

