केंद्रीय विवि के लिए शिक्षा मंत्रालय की टीम ने किया स्थल निरीक्षण, 2015 में PM मोदी ने की थी घोषणा

2/11/2022 7:50:51 PM

भागलपुरः बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड के विक्रमशिला महविहार के निकट प्रस्तावित केन्द्रीय विश्वविद्यालय के लिए केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक उच्च स्तरीय टीम ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी पी के सिंह एवं सुभाष चन्द्र शारु के नेतृत्व में आई पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय टीम ने कहलगांव प्रखंड के परशुरामचक और एकडारा गांव में जाकर प्रस्तावित केन्द्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा चिह्नित जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने उक्त गांवों के लोगों से भी बातचीत कर आसपास के क्षेत्रों के भौगोलिक स्थितियों की जानकारी ली।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद उक्त टीम ने कहलगांव प्रखंड अंतर्गत ही मलकपुर गांव (मौजा) के एक बड़े भूखंड का अवलोकन किया। इसके बाद टीम के सदस्यों ने रामजानीपुर गांव के समीप अवस्थित बियाडा की जमीन को देखा और स्थानीय अधिकारियों से इस जमीन के संबंध में पूरी जानकारी ली। बियाडा और मलकपुर गांव के विशाल भूखंड़ों का निरीक्षण करने के बाद टीम के सदस्यों ने कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी आदि के साथ बैठक कर नए भूखंड़ की अधतन स्थिति, मूलभूत सुविधा एवं आवागमन के साधन के पूरी जानकारी ली।टीम में यूजीसी के संयुक्त सचिव जितेंद्र कुमार त्रिपाठी, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के कुलपति प्रो केएन सिंह एवं सीपीडब्लयू के मुख्य अभियंता यूएन विवेक भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि प्राचीन विक्रमशिला महाविहार की ऐतिहासिक, पुरातात्विक व सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2005 में विक्रमशिला के पास केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थापना की घोषणा की थी। बाद में इस विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए पांच सौ करोड़ रुपए की राशि भी मुहैय्या करा दी गई। लेकिन समय पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने से केंद्रीय विश्वविद्यालय का निमार्ण कार्य अब तक शुरु नहीं हो पाया है। यद्यपि राज्य सरकार ने विक्रमशिला के पास परशुरामपुर एवं एकडारा गांवों की चिन्हित दो सौ एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की सहमति जताई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static