'भ्रष्ट अधिकारियों के हाथ में चला गया है बिहार का शासन'...तेजस्वी का आरोप- सरकार सभी मोर्चे पर फेल
Friday, Sep 19, 2025-11:14 AM (IST)

Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनका कोई झगड़ा नही हैं, लेकिन प्रशासन पर उनका नियंत्रण कमजोर हो गया है, जिससे बिहार का पूरा शासन भ्रष्ट अधिकारियों के हाथ मे चला गया है।
"प्रशासन कान में तेल डाल कर सोया हुआ"
यादव ने अपनी बिहार अधिकार यात्रा के तीसरे दिन खगड़िया जिले के बेलदौर में आयोजित एक जनसभा में कहा कि प्रदेश में रोज हत्या और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं और प्रशासन कान में तेल डाल कर सोया हुआ है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि व्यापारियों के दुकान में घुस कर गोली मारी जा रही है। राजद नेता ने कहा कि प्रदेश में शराबबंदी पूरी तरह से फेल हो गयी है और पुलिस वाले अपराध नियंत्रण की जगह शराब बेंचने वालो से रिश्वत लेने में मशगूल हैं।उन्होंने कहा कि जनता की भलाई के लिए जरूरी पढ़ाई(शिक्षा), दवाई(चिकित्सा), सिंचाई(कृषि) और सुनवाई (अधिकारीयों का भ्रष्टाचार) सभी मोर्चे पर सरकार फेल है।
"भाजपा का एजेंडा विकास नहीं.."
तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी सरकार में शामिल है लेकिन उनका एजेंडा विकास नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को धर्म के नाम पर बांट कर जनता के बीच वोट मांगने में लगी हुई है। यादव ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि जब बिहार की जनता बाढ़ से बदहाल थी तब लोगो की तकलीफ बांटने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह नहीं आये, लेकिन अब चुनाव सर पर है तो वोट मांगने के लिए बार बार आ रहे हैं। राजद नेता ने आज अपनी यात्रा बेगूसराय से शुरू की थी और खगड़िया के विभिन्न इलाकों से होता हुआ उनका कारवां शाम के समय मधेपुरा पहुंचा।