नीतीश ने राजद के मंत्रियों की हैसियत नौकरों-जैसी बनाई, सुशील मोदी का हमला

Sunday, Jul 09, 2023-08:44 AM (IST)

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और विभाग के प्रधान सचिव केके पाठक को लेकर चल रहे घमासान के बीच कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मंत्रियों की औकात नौकरों जैसी बना दी है।

सुशील मोदी ने जारी बयान में कहा कि अधिकारियों की ट्रांसफार्मर-पोस्टिंग का अधिकार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्यमंत्री के हाथ में है, इसलिए नौकरशाही जदयू के मंत्रियों-कार्यकर्ताओं के अलावा किसी को महत्व नहीं देती। जो हालत शिक्षा विभाग की है, वही सभी विभागों की है। राजद कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने राजद कोटे के विभाग में ऐसे अफसर बैठा दिए हैं, जो मंत्रियों पर लगाम कस सकें।

वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि राजद के विधान पार्षद का यह सुझाव सही है कि नीतीश कुमार को शिक्षा विभाग के अवर प्रधान सचिव को ही अपना सलाहकार बना लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री के विश्वसनीय अफसर राजद के मंत्रियों को परेशान कर रहे हैं और दूसरी तरफ जदयू के मंत्री बयान देकर अफसरों को पोलिटिकल कवर दे रहे हैं।

मोदी ने कहा कि राजद-जदयू के मंत्रियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से विकास के काम ठप हैं। मुख्यमंत्री धृतराष्ट्र बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में अब या तो मंत्री चंद्रशेखर रहेंगे या वर्तमान प्रधान सचिव। मामला काफी तूल पकड़ चुका है, लेकिन दोनों दल कह रहे हैं 'ऑल इज वेल।'
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static