Bihar Board Inter Exam 2026 : सिर्फ 2 मिनट की देरी पड़ी भारी, छात्राओं को इंटर परीक्षा केंद्र में नहीं मिला प्रवेश

Monday, Feb 02, 2026-12:32 PM (IST)

Bihar Board Inter Exam 2026 : बिहार के रोहतास जिले के डेहरी प्रखंड स्थित रामारानी जैन बालिका 10+2 विद्यालय में इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन उस समय हंगामा का माहौल बन गया। जब 1 से 2 मिनट की देरी से पहुंची आधा दर्जन से अधिक छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

सड़क जाम में फंसने के कारण हुई देरी

बताया जा रहा है कि छात्राएं सड़क जाम में ऑटो फंस जाने के कारण समय पर केंद्र तक नहीं पहुंच सकीं। छात्राओं के अनुसार वे सुबह 9 बजकर 1 से 2 मिनट के बीच केंद्र पर पहुंची थीं। लेकिन केंद्र अधीक्षक ने नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया। प्रवेश नहीं मिलने से छात्राएं मायूस और आक्रोशित दिखीं।

छात्राओं का कहना है कि एनएच-2 पर पिछले दो दिनों से भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। जिससे आसपास की संपर्क सड़कों पर भी यातायात प्रभावित है। उनका आरोप है कि महज 1 से 2 मिनट की देरी को आधार बनाकर परीक्षा से वंचित करना गलत है। वहीं मामले पर डेहरी अनुमंडल पदाधिकारी निलेश कुमार ने कहा है कि सड़क जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी है। छात्राओं को प्रवेश नहीं दिए जाने के मामले की जांच कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

13 लाख से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा सोमवार, 2 फरवरी से पूरे राज्य में सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। यह परीक्षा 13 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इस वर्ष परीक्षा में राज्यभर से 13 लाख 17 हजार 846 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस
 
नकल पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य परीक्षार्थियों को दो चरणों में कड़ी तलाशी के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। हर 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है।

मॉडल केंद्र बने आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ‘मॉडल परीक्षा केंद्र’ भी स्थापित किए गए हैं। पूरे बिहार में 152 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 4 पटना में स्थित हैं। राज्य के सभी मॉडल परीक्षा केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी और इन केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, वीक्षक और सभी सुरक्षाकर्मी महिलाएं होंगी। इन केंद्रों को फूलों, गुब्बारों, कारपेटिंग और हेल्पडेस्क से सुसज्जित किया गया है। मॉडल केंद्रों के प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक रेड कारपेट बिछाया गया है। छात्राओं की सहायता के लिए विशेष हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static