Bihar Board Inter Exam 2026 : आज से शुरू हुई बिहार बोर्ड इंटर की परीक्षा, 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल

Monday, Feb 02, 2026-10:05 AM (IST)

Bihar Board Inter Exam 2026 : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा सोमवार, 2 फरवरी से पूरे राज्य में सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। यह परीक्षा 13 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इस वर्ष परीक्षा में राज्यभर से 13 लाख 17 हजार 846 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं।

दो पालियों में परीक्षा आयोजित

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के पहले दिन सोमवार को प्रथम पाली (सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक) में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र विषयों की परीक्षा होगी, जिसमें 5,02,317 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक) में कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 55,964 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन फॉर्म भरा है। 

परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस 

नकल पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य परीक्षार्थियों को दो चरणों में कड़ी तलाशी के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। हर 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है।

छात्राओं के लिए विशेष मॉडल केंद्र बने आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष ‘मॉडल परीक्षा केंद्र’ भी स्थापित किए गए हैं। पूरे बिहार में 152 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 4 पटना में स्थित हैं। राज्य के सभी मॉडल परीक्षा केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी और इन केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, वीक्षक और सभी सुरक्षाकर्मी महिलाएं होंगी। इन केंद्रों को फूलों, गुब्बारों, कारपेटिंग और हेल्पडेस्क से सुसज्जित किया गया है। मॉडल केंद्रों के प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक रेड कारपेट बिछाया गया है। छात्राओं की सहायता के लिए विशेष हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान हो सके।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूर्ण प्रतिबंध

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पर पूरी तरह मनाही है। सभी जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्वयं परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचार मुक्त ढंग से संपन्न हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static