संचिका में देरी पड़ी भारी, विजय सिन्हा के आदेश पर कड़ा एक्शन; दो अधिकारी सस्पेंड
Wednesday, Jan 28, 2026-08:57 AM (IST)
Bihar News : बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर मंगलवार को विभाग के दो अधिकारियों को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एक कार्यपालक पदाधिकारी की संचिका ससमय उपस्थापित नहीं करने के आरोप में प्रशाखा पदाधिकारी उमेश्वर कुमार सिंह तथा सहायक प्रशाखा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
करीब एक हफ्ते पहले उपमुख्यमंत्री सिन्हा जब विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे उसी दौरान उनके संज्ञान में आया कि कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की विभाग में योगदान नहीं करने की संचिका उपस्थापित करने में विलम्ब हुआ है। इस बारे में पूछताछ करने पर विभाग के दोनों कर्मियों की लापरवाही सामने आई।
विजय कुमार सिन्हा ने तुरंत आदेश किया कि संचिका ससमय उपस्थापित नहीं करने के लिए प्रशाखा पदाधिकारी उमेश्वर कुमार सिंह और सहायक प्रशाखा पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार से कारण पृच्छा की जाए। कारण पृच्छा का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद दोनों पदाधिकारियों को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 9 (1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि अनुशासनहीनता बरतने वाले या विभाग के अंदर अराजकता उत्पन्न करने वाले किसी भी कर्मचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के नियमों के तहत इन लोगों के खिलाफ कारर्वाई की जाएगी।

