भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 216 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
Monday, Oct 19, 2026-09:49 AM (IST)
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने 216 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसएसबी की 48वीं वाहिनी, जयनगर के ‘एफ' समवाय, मुख्यालय कमला की गश्ती टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 270/7 से करीब एक किलोमीटर दूर भारतीय क्षेत्र में कमला ब्रिज के पास यह कार्रवाई की।
गश्ती के दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद दो थैलों से नेपाली देशी शराब ‘सोफी (गौरव)' की 150 बोतलें बरामद हुईं, जिनमें 45 लीटर शराब थी। इसी दौरान जवानों ने कमला नदी के किनारे कुछ अन्य लोगों को सिर पर शराब की बोरियां लेकर आते देखा। सुरक्षा बलों को देखते ही वे बोरियां फेंककर नदी के दूसरी ओर फरार हो गए।
तलाशी के दौरान बोरियों से 570 बोतलें, यानी 171 लीटर शराब बरामद की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के मेघवारी गांव, पोस्ट दुल्लीपट्टी निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि शराब नेपाल के इनरवा स्थित एक दुकान से लाई जा रही थी और इसे दुल्लीपट्टी कॉलेज गेट तक पहुंचाया जाना था।

