Siwan Road Accident: तेज रफ्तार सरकारी बोलेरो ने मचाया तांडव, तीन लोग गंभीर घायल

Saturday, Dec 13, 2025-09:24 PM (IST)

Siwan Road Accident: जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार से दौड़ रही एक सरकारी बोलेरो ने सड़क पर कहर बरपा दिया। हादसे में दो बाइक सवार युवकों समेत एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाइक सवार युवकों को सामने से मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुपौली निवासी बाबुल कुमार और महाराजगंज थाना क्षेत्र के बोधा छपरा गांव निवासी जीतन कुमार महतो एक्सप्लेंडर बाइक से चौमुखा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बाइक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई।

सड़क किनारे खड़ा किशोर भी चपेट में आया

हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक किशोर भी बोलेरो की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत भी गंभीर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने पटना किया रेफर

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पटना के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।

सरकारी वाहन जब्त, चालक अस्पताल में भर्ती

सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन महाराजगंज निवासी श्रम परिवर्तन पदाधिकारी समर सकिन का बताया जा रहा है, जो वर्तमान में गोपालगंज में पदस्थापित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, बोलेरो को जब्त कर लिया गया और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static