LPG सिलेंडर से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने 3 लोगों को रौंदा, कई मीटर तक घसीटी स्कूटी; मौके पर गई एक की जान

Monday, Mar 16, 2026-10:45 AM (IST)

Bihar Road Accident News : बिहार के बेतिया में रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। यहां गैस सिलेंडरों से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने कोहराम मचाते हुए कई वाहनों को रौंद दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

तेज रफ्तार ट्रक ने तीन वाहनों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार और गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर चल रही दो बाइकों और एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो बाइकें पूरी तरह चकनाचूर हो गई थीं, वहीं एक स्कूटी ट्रक के अगले हिस्से के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाजार से लौट रहे युवक की मौत

इस सड़क हादसे में मृतक की पहचान बबलू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बबलू बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी काल बनकर आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। वहीं, हादसे में घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए ट्रक को घेर लिया और ड्राइवर को भागने नहीं दिया। वहीं घटना का सारा मंजर सीसीटीवी में कैद हो गया।

गुस्साए लोगों ने किया हंगामा, ड्राइवर गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बबलू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static