Bihar Weather Today:बिहार में ठंड का रिकॉर्ड टूटा, 13°C तक लुढ़का दिन का तापमान, पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट
Sunday, Dec 28, 2025-08:11 AM (IST)
Bihar Weather Today: बिहार में इस बार सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह ही नहीं, बल्कि दिनभर और देर रात तक लोग कंपकंपाती ठंड और कनकनी से जूझने को मजबूर हैं। इस सीजन में पहली बार राज्य का दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि कई इलाकों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। सुबह से लेकर दोपहर तक कई जिलों में बेहद घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात के साथ-साथ दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
नए साल के पहले दिन भी नहीं मिलेगी राहत, जनवरी के पहले हफ्ते तक ठंड का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, नए साल का पहला दिन यानी 1 जनवरी 2026 भी बिहारवासियों के लिए राहत भरा नहीं रहने वाला है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी और घने से बेहद घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि कड़ाके की ठंड का यह दौर जनवरी 2026 के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है। ठंड और कोहरे को देखते हुए पूरे बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आज 26 जिलों में कोल्ड डे, 33 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, आज 28 दिसंबर को बिहार के 33 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि 26 जिलों में कोल्ड डे अलर्ट जारी किया गया है। पटना, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और पश्चिम चंपारण सहित कई जिले इस अलर्ट की चपेट में हैं। हालांकि, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर में फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
29 से 31 दिसंबर तक 31 जिलों में घना कोहरा, 19 जिलों में कोल्ड डे
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 दिसंबर से 31 दिसंबर की सुबह तक खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर को छोड़कर बिहार के शेष 31 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय समेत 19 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
31 दिसंबर से 01 जनवरी तक 26 जिलों में कोल्ड डे की आशंका
31 दिसंबर से 01 जनवरी 2026 के बीच पूर्वी बिहार को छोड़कर राज्य के 26 जिलों में कोल्ड डे रहने का पूर्वानुमान है। इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, कैमूर, रोहतास, दरभंगा और मधुबनी जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इसके साथ ही पूरे बिहार में घने स्तर का कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।
01 से 03 जनवरी तक पूरे बिहार में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 01 से 03 जनवरी के बीच पूरे बिहार में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इस अवधि के दौरान फिलहाल कोल्ड डे को लेकर कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
इस सीजन का सबसे सर्द दिन और रात, मुजफ्फरपुर और गया सबसे ठंडे
शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन और रात दर्ज किया गया। दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
राज्य में अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री से 19.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान मात्र 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, सीजन की सबसे ठंडी रात गया जी में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में रात का तापमान 5.2 से 13.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे के कारण गया जी में दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई, जो इस सीजन की सबसे कम विजिबिलिटी मानी जा रही है।
ये रहे बिहार के सबसे ठंडे जिले
27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान के आधार पर बिहार के सबसे ठंडे जिले इस प्रकार रहे—
- गया जी: 5.2°C
- बिक्रमगंज: 6.3°C
- औरंगाबाद: 7.4°C
- अरवल: 8.5°C
- फारबिसगंज: 9.2°C
लगातार गिरते तापमान और ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।

