Prashant Kishor : इस दिन से बिहार भ्रमण पर निकलेंगे प्रशांत किशोर, राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से करेंगे संवाद

Thursday, Feb 05, 2026-10:23 AM (IST)

Prashant Kishor News : जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बुधवार को कहा कि 08 फरवरी से पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) बिहार भ्रमण पर निकलेंगे, जहां वे राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से संवाद करेंगे। 

विभिन्न जिलों में जनता से करेंगे संवाद
मनोज भारती ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार चुनाव के बाद उनकी पार्टी मंथन के दौर से गुजर रही थी और अब प्रशांत किशोर फिर से जनसंवाद के लिए प्रदेश के दौरे के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद प्रशांत किशोर की पहली जनसंवाद यात्रा 08 फरवरी से शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किशोर अपने बिहार भ्रमण के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से संवाद करेंगे और बजट एवं राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर उनकी राय भी लेंगे। 

"देश में सबसे कम फिस्कल डेफिसिट बिहार का"
भारती ने बिहार के हाल ही में प्रस्तुत 2026 -27 के बजट पर गहरी चिंता व्यक्त और कहा कि राज्य का बजट भाषण मात्र 11 मिनट 43 सेकंड में समाप्त हो गया, जो यह दर्शाता है कि सरकार बिहार के लोगों के प्रति कितनी गंभीर है। इस दौरान जनसुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार ने कहा कि सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बजट कटौती की है, जबकि कल्याण योजनाओं पर खर्च बढ़ाकर 38 हजार करोड़ से 58,909 करोड़ रुपए कर दिया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यह प्राथमिकताओं का गंभीर असंतुलन दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे कम फिस्कल डेफिसिट बिहार का है, बावजूद इसके राज्य पहले से ही 50 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में है। 

जन सुराज के नेताओं ने सरकार से पूछा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार और नौकरियां किस सेक्टर में सृजित की जाएंगी? उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में यदि केंद्र सरकार ने सहयोग से हाथ खींच लिए तो 12 प्रतिशत फिस्कल डेफिसिट के साथ बिहार अगले पांच वर्षों में आर्थिक रूप से दिवालिया होने की स्थिति में पहुंच सकता है। जन सुराज के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह बजट बिहार की वास्तविक जरूरतों और चुनौतियों का समाधान नहीं देता और पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। इस संवाददाता सम्मेलन को जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती और राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार के साथ मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान ने भी संबोधित किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static