बिहार के बेतिया में सनसनी: पेड़ से लटके मिले किशोरी और युवक, एक ही दुपट्टे से दोनों ने लगाई फांसी! मंजर देख दहले लोग
Saturday, Mar 07, 2026-12:14 PM (IST)
Bihar News: बिहार के बेतिया जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक किशोरी और एक युवक के शव आम के पेड़ से लटके मिले। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में हड़कंप
दरअसल, बेतिया में शनिवार सुबह एक किशोरी और एक युवक के शव आम के पेड़ से लटके मिले। यह घटना सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव की है। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय सहाबुन निशा और 19 वर्षीय शेख सैदुल्लाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के शव एक ही दुपट्टे से आम के पेड़ से लटके हुए थे। सुबह जब स्थानीय लोगों ने यह दृश्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया। मौके पर नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
वहीं, एफएसएल टीम के सीनियर साइंटिस्ट सुमन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने का काम किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

