बिहार चुनाव: राजनीतिक दलों को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर प्रचार के लिए समय निर्धारित

10/10/2020 10:42:58 AM

 

नई दिल्ली/पटनाः चुनाव आयोग ने कोरोना के परिप्रेक्ष्य में बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी पर राजनीतिक दलों के लिए समय निर्धारित किया है। आयोग ने जारी अपने आदेश में कहा कि राजनीतिक दलों को कम से कम 90 मिनट दिए जाएंगे और प्रत्येक प्रसारण सत्र में 30 मिनट से अधिक नहीं दिए जाएंगे।

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राजनीतिक दलों को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर क्रमश: 2160 तथा 2160 मिनट का समय दिया जाएगा। यह प्रसारण दूरदर्शन और आकाशवाणी के क्षेत्रीय केंद्रों पर होगा। वहीं विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा को रेडियो और दूरदर्शन पर 427-- 427 मिनट, जदयू को 323- 323 मिनट तथा राजद को 343- 343 मिनट समय दिए जाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस को 182-182 मिनट, भाकपा को 109 -109 मिनट तथा माकपा को 98 -98 मिनट एवं तृणमूल कांग्रेस को 90- 90 मिनट का समय दिया जाएगा। बसपा को 119-- 119 मिनट का समय मिलेगा। यह प्रसारण नामांकन भरने की अंतिम तारीख से लेकर मतदान के 2 दिन पूर्व तक होगा।

विज्ञप्ति के अनुसार चुनाव प्रचार के लिए एक आचार संहिता भी बनाई गई है और इसके तहत कोई उम्मीदवार राष्ट्रपति और न्यायपालिका पर कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं करेगा तथा हिंसा एवं अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले टिप्पणी नहीं करेगा। इसके अलावा सामुदायिक भेदभाव और धार्मिक द्वेष बढ़ाने वाली टिप्पणियां नहीं करेगा तथा किसी का नाम लेकर व्यक्तिगत आलोचना नहीं करेगा। विज्ञप्ति के अनुसार 8 राष्ट्रीय दलों और 4 क्षेत्रीय दलों को चुनाव प्रचार का समय दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static