रोहतास में दिनदहाड़े RJD नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
Sunday, Sep 04, 2022-04:12 PM (IST)

रोहतासः बिहार में अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि वह आए दिन बड़ी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि वह आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। मामला रोहतास जिले से सामने आया है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े राजद नेता एवं पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के करगहर थाना के दुलह बाबा के समीप की है, जहां रविवार सुबह तकरीबन 9:00 बजे के आस-पास बाइक सवार छह अपराधियों ने राजद नेता विजेंद्र सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र सिंह यादव अपने घर से खेतों की तरफ गए थे। उसी दौरान अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।
बताया जा रहा है कि पूर्व से पैक्स अध्यक्ष का किसी से जमीनी विवाद चल रहा था और 4 साल पहले भी विजेंद्र सिंह यादव पर गोली चलाई गई थी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।