दो साल बाद भी बाढ़ पीड़ित को नहीं मिली सहायता राशि, फरियादी की शिकायत पर CM नीतीश ने दिया कार्रवाई का निर्देश
Tuesday, Jul 18, 2023-12:12 PM (IST)

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ित को दो साल बीत जाने के बाद भी आपदा सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत पर कड़ा रुख इख्तियार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
नीतीश कुमार को सोमवार को यहां चार, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम में पूर्वी चंपारण जिले से आए एक फरियादी ने आग्रह करते हुए कहा कि बाढ़ आपदा के लिए दी जाने वाली सहायता राशि वर्ष 2021 का अबतक नहीं मिला है। इसी तरह अररिया जिले से आए एक वृद्ध ने कहा कि कोरोना से मृत्यु के मामले में अब तक अनुग्रह राशि का लाभ नहीं मिल सका है।
मुख्यमंत्री को कटिहार जिले से आई एक आंगनबाड़ी सेविका ने कहा कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) के द्वारा उन्हें लगातार तंग किया जाता है। पूर्वी चंपारण जिले से आए एक युवक ने कहा कि उसके पंचायत में नल-जल योजना के अंतर्गत जो पेयजल की आपूर्ति की जाती है वह साफ नहीं रहता है। इस संदर्भ में संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी अब तक किसी प्रकार का कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे पंचायत के लोग दूषित पानी पीने को विवश हैं।
नीतीश कुमार को पूर्वी चंपारण जिले से आए एक फरियादी ने कहा कि वर्ष 2017 से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए कहा गया था, जो अब तक नहीं बन पाया है। इसके बन जाने से यहां के लोगों को सुविधा होगी। पूर्णिया जिले से आए एक युवक ने कहा कि परमान नदी के कटाव से गांव के लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, इस समस्या का निदान निकाला जाए।