Bihar Politics: "जिस दिन Tejashwi Yadav मुख्यमंत्री बनेंगे, उस दिन JDU पार्टी खत्म हो जाएगी"- विजय सिन्हा
Tuesday, Jun 27, 2023-12:21 PM (IST)

पटनाः नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा (Vijay Sinha) ने कहा कि बिहार की राजनीति (Bihar Politics) ने एक बड़े परिवर्तन की ओर कदम बढ़ाया है। आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ऊपर बिहार की जनता को पूर्ण रूप से विश्वास हो चुका हैं। लोग समझ चुके हैं कि यही एक पार्टी है, जो सेवा की भावना से शासन करती है और बाकी पार्टियां तो मेवा खाने की भावना से शासन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) मुख्यमंत्री बनेंगे, उस दिन जदयू पार्टी खत्म हो जाएगी।
सिन्हा ने सरकार पर लगाया ये आरोप
विजय सिन्हा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को उत्तराधिकारी घोषित कर जदयू का भविष्य अंधकार में कर दिया हैं। जदयू के कई नेता और कार्यकर्ता अपना भविष्य तलाशने के लिए जदयू की डूबती नैया से भागकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, उस दिन जदयू पार्टी खत्म हो जाएगी। सिन्हा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि "आज हर विभाग में घूसखोरी चरम पर है। अवैध तरीके से घूसखोरी का धंधा चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, राजस्व विभाग हर विभाग में घूसखोरी चरम पर है। इससे अवैध पैसे की वसूली की जा रही है।
"मुख्यमंत्री इस बार धृतराष्ट्र की तरह देखते रह जाएंगे"
सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री इस बार धृतराष्ट्र की तरह देखते रह जाएंगे और वह कुछ नहीं कर पाएंगे। कुर्सी के लिए वह इन सब से समझौता कर चुके हैं। जो भ्रष्ट ऑफिसर पैसा देकर आएंगे, वह फील्ड में जाकर जनता का दोहन करेंगे। पहले से ही बिहार में घूसखोरी भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने कहा मैं सब का पर्दाफाश करूंगा, सिर्फ जून महीना बीत जाने दीजिए। अभी जो इस बात को बता रहे हैं वह अपनी नौकरी बचाने के लिए सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस की नीति फेल दिख रही है।