डबल इंजन सरकार की सौगात, मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के लिए टेंडर जारी, 43 करोड़ का निवेश और उड़ानों का सफर...देखें क्या है प्लान

Monday, Feb 16, 2026-04:33 PM (IST)

Bihar News : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार कहा कि मुजफ्फरपुर में निर्माणाधीन हवाईअड्डे के रनवे के निर्माण से पटना और दरभंगा हवाईअड्डा पर निर्भरता कम होगी तथा क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। चौधरी ने आज बताया कि मुजफ्फरपुर में निर्माणाधीन हवाईअड्डे के रनवे के निर्माण के लिए 43 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह टेंडर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन हवाईअड्डे के रनवे के निर्माण से पटना और दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्भरता कम होगी तथा क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 

सम्राट चौधरी ने कहा कि टेंडर के तहत मुजफ्फरपुर हवाईअड्डा को कोड-2बी श्रेणी के विमानों के संचालन योग्य बनाने के लिए रनवे, टैक्सीवे, एप्रन, पेरिमीटर रोड, जीएसई एरिया, वाहन लेन, आपातकालीन संपर्क सड़क, रेसा, रनवे बेसिक स्ट्रिप और अन्य संबद्ध कार्यों का निर्माण एवं सुद्दढ़ीकरण किया जाएगा। यह परियोजना मुजफ्फरपुर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि यह हवाईअड्डा मुजफ्फरपुर, आसपास के जिलों और पूरे दक्षिण बिहार के लोगों के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बिहार की नीतीश कुमार सरकार की डबल इंजन सरकार की ओर से एक बड़ी सौगात है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सड़क और रेल परिवहन का मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। गांव-गांव और गली-गली सड़कों का जाल बिछाने के बाद अब एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का विस्तार हो रहा है। साथ ही बिहार में रेल नेटवकर् का तेजी से आधुनिकीकरण और विस्तार किया गया है, बिहार में रेल के विकास के लिए 10 हजार करोड़ करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट आवंटन हुआ है। अभी यहां 14 वंदे भारत और 21 अमृत भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हाल ही में वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को भी स्वीकृति मिली है। 

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में हवाई सेवा का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पटना, गया और दरभंगा हवाईअड्डा के संचालन के बाद पूर्णिया हवाईअड्डा की शुरुआत हो चुकी है और अब मुजफ्फरपुर हवाईअड्डा के रनवे निर्माण के लिए टेंडर जारी होने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी। इससे जल्द ही मुजफ्फरपुर वासियों का अपने शहर से उड़ान भरने का सपना साकार होगा। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static