मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बिहार की 1 करोड़ 21 लाख महिलाओं को मिला सहारा, खातों में अंतरित हुए 12,100 करोड़ रुपये

Monday, Oct 06, 2025-08:43 PM (IST)

पटना:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana)’ के तहत 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 2,100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की हर महिला को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना से राज्य में रोजगार (Employment Opportunities) बढ़ेंगे और महिलाओं की स्थिति और मजबूत होगी।

PunjabKesari

अबतक 1 करोड़ 21 लाख महिलाओं को मिला 12,100 करोड़ का लाभ

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितंबर 2025 को किया था। उस दिन 75 लाख लाभुक महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की दर से 7,500 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई थी।

इसके बाद 3 अक्टूबर 2025 को 25 लाख महिलाओं को 2,500 करोड़ रुपये दिए गए और अब 6 अक्टूबर 2025 को 21 लाख महिलाओं को 2,100 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया।

इस तरह अब तक कुल 1 करोड़ 21 लाख महिला लाभुकों को 12,100 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है।

महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में नया अवसर

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का लक्ष्य हर परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये की प्रारंभिक आर्थिक सहायता देना है ताकि वह अपनी पसंद का रोजगार शुरू कर सके। इसके बाद उनके काम के आकलन पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा — “इस योजना से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में भी नया बल आएगा।”

लाभार्थियों की प्रेरक कहानियां: जीविका समूह से मिली नई दिशा

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए।
बांका की ललिता सिंह ने बताया कि उन्होंने 10 हजार रुपये से सिलाई मशीन खरीदी और परिवार का भरण-पोषण शुरू किया। अब वह अतिरिक्त दो लाख रुपये की सहायता से सिलाई सेंटर खोलकर 15-20 महिलाओं को रोजगार देने की योजना बना रही हैं।

मुजफ्फरपुर की संगीता देवी ने बताया कि जीविका समूह से जुड़कर उन्होंने सब्जी की खेती और दूध केंद्र से अपनी आय बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से उन्हें नया आत्मविश्वास मिला है और अब वह और महिलाओं को भी रोजगार देंगी।

PunjabKesari

कार्यक्रम में शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और लाभार्थी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे। इस अवसर पर योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static