संकल्प यात्रा के दौरान आरा में बोले मुकेश सहनी- निषाद का बेटा जाल में मछली फंसाता है, खुद नहीं फंसता

Tuesday, Sep 05, 2023-05:46 PM (IST)

आरा: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इन दिनों अपनी संकल्प यात्रा के क्रम में लोगों को निषाद आरक्षण को लेकर संघर्ष करने के लिए जागरूक कर रहे हैं तथा संघर्ष और लड़ाई लड़ने के लिए संकल्प करवा रहे हैं। इसी क्रम में वे आज अपनी निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा के क्रम में भोजपुर जिला पहुंचे। इस यात्रा के दौरान संकल्प रथ पर सवारसहनी के भोजपुर पहुंचने  पर सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिस पड़ाव पर सहनी पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने के लिए पहुंचे। 

PunjabKesari

सहनी ने इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी आरक्षण की मांग कोई नई नहीं है। कई अन्य राज्यों में यह आरक्षण मिला हुआ है, लेकिन आज बिहार, यूपी और झारखंड में इस आरक्षण को लेकर हमलोगों को संघर्ष  करना पड़ रहा है। सहनी ने लोगों के बेहतर भविष्य के लिए, अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष के लिए हाथों में गंगा जल देकर संकल्प भी करवाया। आज की यात्रा कोईलवर से शुरू हुई और उसके बाद यह यात्रा बबुरा, संदेश, बड़गांव होते हुए अनिहारी पहुंची। इस दौरान सभी स्थानों पर सहनी का जोरदार स्वागत किया गया। 

PunjabKesari

सहनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज नौ साल से आरक्षण की मांग को लेकर भले संघर्ष कर रहा हूं, लेकिन उपलब्धियां है कि आज हमारी पहचान प्रदेश नहीं देश में है। उन्होंने कहा कि आज मुझे सीएम बनाने का भी ऑफर दिया जा रहा है, लेकिन उन्हें नहीं मालूम कि निषाद का बच्चा जाल में मछली फंसाता है खुद फंसता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को दुश्मनी मुझसे नहीं निषादों से है। उन्हें मालूम है कि ये सोया हुआ शेर है, अगर जग गया तो संघर्ष की बदौलत कुछ भी हासिल कर सकता है। 

PunjabKesari

वीआईपी प्रमुख ने कहा कि निषादों को आरक्षण की लड़ाई वे मजबूती के साथ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर निषादों को आरक्षण पहले मिल गया होता तो आज निषाद के बच्चों को नदी में मछली नही मारना पड़ता। सहनी ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत सबसे बड़ी है, जिसके पास वोट है वह पीएम और सीएम बन सकता है। उन्होंने कहा कि अगर पॉवर और पैसा हो तो कई सुविधाएं भी मिलती है। आज की संकल्प यात्रा में राष्ट्रीय सचिव ब्रजकिशोर सिंह (पूर्व आईपीएस अधिकारी), प्रदेश अध्यक्ष बाल गोविंद बिंद, राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति, नम्रता सिंह, भोजपुर जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश बिंद भी सहनी के साथ रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static