चलती ट्रेन में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, पत्नी के सामने पति को मारी गोली; मची अफरा-तफरी
Friday, Jun 12, 2026-02:05 PM (IST)
Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले में बदलाघाट रेलवे स्टेशन के पास हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर चलती ट्रेन में एक यात्री को गोली मार दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई और इसमें घायल हुए यात्री की पहचान झारखंड निवासी 37 वर्षीय देव कुमार गुंजन के रूप में की गई है। उसने बताया कि गुंजन अपनी पत्नी के साथ अमृतसर-नरपतगंज जनसाधारण एक्सप्रेस (14604) से सुपौल जा रहा था। अन्य यात्रियों के अनुसार, ट्रेन के बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले हथियारबंद लुटेरों ने उसका सामान और कीमती वस्तुएं छीनने का प्रयास किया और जब उसने इसका विरोध किया तो बदमाश उसे कथित तौर पर गोली मारकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- भीषण सड़क हादसे में 3 थाना प्रभारियों समेत 4 की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में पसरा सन्नाटा
इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस की एक टीम बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंची और घायल यात्री को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया। मानसी रेल थाना के प्रभारी रवि कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि चलती ट्रेन में एक यात्री को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, ''घायल यात्री को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।''

