75 सालों में पहली बार संसदीय प्राक्कलन समिति के सदस्य पहुंचे बिहार, गांधी घाट पर गंगा महाआरती में हुए शामिल
Tuesday, Aug 22, 2023-11:30 AM (IST)

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): 75 सालों में पहली बार संसदीय प्राक्कलन समिति की 6 सदस्यीय टीम बिहार दौरे पर है। सोमवार को पटना पहुंचे सदस्यों ने सबसे पहले तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर गुरुघर का आशीष प्राप्त किया। उसके बाद समिति के सदस्य गांधी घाट पर विशेष गंगा महाआरती में शामिल हुए। गंगा महाआरती में सांसदों का स्वागत भाजपा नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक प्रभाकर मिश्र ने अंगवस्त्र देकर किया।
गंगा महाआरती में पहुंचे प्राक्कलन समिति के सदस्य सह सांसदों में जम्मू कश्मीर के जुगल किशोर शर्मा, गुजरात के मोहन कुदरिया, यूपी के दानिश अली, आंध्र प्रदेश के श्रीनिवास रेड्डी, झारखंड के सुदर्शन भगत और केरल के मुरलीधर शामिल थे। सभी सदस्य गंगा महाआरती में झूमते नज़र आए। सभी समिति के सदस्यों को गंगा जल भी भेंट किया गया। वहीं इस मौके पर संसदीय प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष संजय जैसवाल ने बताया कि संविधान से दो ही समितियां बनी है, प्राक्कलन समिति और पब्लिक अकाउंट कमिटी।
75 साल में ऐसा पहली बार हुआ है, जब प्राक्कलन समिति बिहार आई है। इस समिति में राज्य सभा के सांसद होते हैं। उन्होंने कहा कि पटना की परंपरा बिना तख्त हरमंदिर साहिब और गंगा महाआरती के दर्शन के बिना पूरी नहीं होती है। बता दें कि संसदीय प्राक्कलन समिति संसद के माध्यम से सरकार द्वारा प्राप्त किए गए धन के व्ययों के अनुमान की जांच-पड़ताल करती है। बिहार में भी इस समिति की बैठकें होंगी और उसकी रिपोर्ट संसद में सौंपी जाएगी।