Lok Sabha Election 2024: NDA के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में लगे मांझी-कुशवाहा

4/17/2024 1:15:06 PM

 

पटनाः बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नैया पर सवार होकर चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में हैं।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) और उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने महागठबंधन के बैनर तले राजग के विरुद्ध चुनाव लड़ा था। महागठबंधन में सीटों के तालमेल के तहत रालोसपा को पांच सीट जमुई, उजियारपुर, काराकाट, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण मिली थी। इन सभी सीटों पर रालोसपा उम्मीदवारों को राजग के प्रत्याशी से शिकस्त मिली थी। रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने उजियारपुर और काराकाट दो सीट पर चुनाव लड़ा था। उपेन्द्र कुशवाहा को उजियारपुर सीट से (राजग) में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नित्यानंद राय और काराकाट सीट से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी महाबली सिंह से हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, 2019 लोकसभा चुनाव में महागठबंधन से हम को गया (सु), नालंदा और औरंगाबाद सीट मिली। इन सभी सीटों पर हम प्रत्याशी को राजग प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा। गया (सु) सीट से हम प्रत्याशी जीतन राम मांझी को जदयू उम्मीदवार विजय कुमार मांझी से पराजय मिली। वर्ष 2024 के चुनाव में उपेन्द्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी ने महागठबंधन का साथ छोड़ ‘राजग' का हाथ थाम लिया है। मांझी और कुशवाहा ने अपनी ‘चुनावी नैया' की ‘पतवार' राजग को दे दी है। राजग के घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल में गया (सु) सीट इस बार पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को दे दी गई है।

इसी तरह जदयू के खाते वाली काराकाट सीट इस बार उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के हिस्से में गई है। गया (सु) से जीतन राम मांझी चुनावी मैदान में उतर गए हैं, वहीं संभावना जताई जा रही है कि काराकाट सीट से उपेन्द्र कुशवाहा इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। देखना दिलचस्प होगा कि राजग की चुनावी नैया पर सवार मांझी और कुशवाहा चुनावी वैतरणी पार करने में कितना सफल हो पाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static