शराबबंदी के नाम पर पैसे ऐंठ रहे थे दो फर्जी उत्पाद अधिकारी, पुलिस ने ऐसे धर दबोचा

Tuesday, Feb 10, 2026-04:39 PM (IST)

बिहार डेस्क : बिहार के मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने दो फर्जी उत्पाद अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। फर्जी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कारर्वाई की जाएगी।

उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सूचना मिली थी कि दो लोग स्वयं को उत्पाद विभाग का अधिकारी बताकर अवैध वसूली कर रहे हैंं। इस आधार पर राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिलखवार से रांटी बरही टोल के समीप छापेमारी की गयी। इस दौरान दो फर्जी उत्पाद अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांटी बरही टोल निवासी गोपी यादव के पुत्र दुर्गानंद कुमार एवं रांटी मोहनपुर निवासी हुकुमदेव यादव के पुत्र कमल कुमार के रूप में की गई है। 

शराबबंदी कानून के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबारी निवासी रामसेवक यादव के पुत्र सुभाष यादव से दुर्गानंद कुमार और कमल कुमार ने फर्जी अधिकारी बनकर शराबबंदी कानून के नाम पर कारर्वाई की धमकी देते हुए 80 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित द्वारा दी गई सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नगर थाना पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कारर्वाई के दौरान आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पहले भी कई लोगों से कर चुके ठगी

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी पहले भी कई लोगों से इसी तरह ठगी कर चुके हैं। उत्पाद अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि खुद को उत्पाद विभाग या किसी अन्य सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर पैसे की मांग करता है तो तुरंत संबंधित थाना या विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि फर्जी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कारर्वाई की जाएगी, जिससे आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static