कार में चल रहा था 'रिश्वत का बड़ा खेला', निगरानी टीम ने 5 लाख की घूस लेते रंगेहाथ धरा सहायक निदेशक

Friday, Feb 06, 2026-04:11 PM (IST)

Bihar News : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ नीतीश सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने पटना स्थित नियोजन भवन की पार्किंग में युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहायक निदेशक जय सिंह को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ काबू किया है।

कार में हो रहा था लेन-देन

निगरानी ब्यूरो के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि 10 लाख रुपये रिश्वत की डील थी। निगरानी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नियोजन भवन की पार्किंग में एक बड़ी रकम का लेन-देन होने वाला है। टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया। जैसे ही कार में रिश्वत की पहली किस्त 5 लाख रुपए दी जाने लगी तो टीम ने सहायक निदेशक जय सिंह को दबोच लिया।

महकमे में मचा हड़कंप

डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि कुल 10 लाख की डील थी, जिसमें से 9 लाख रुपये निदेशक और 1 लाख सहायक निदेशक का हिस्सा था। इस कार्रवाई के बाद पूरे  महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी जय सिंह को मुख्यालय ले जाकर पूछताछ कर रही है। मामले की पूरी गहनता से जांच हो रही है ताकि पता लग सके किस काम की एवज में रिश्वत की इतनी बड़ी रकम की मांग की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static