''बेहतर अवसरों'' की तलाश में बिहार से दिल्ली पहुंची 5 लड़कियां, 24 घंटे में ही पुलिस ने ढूंढ निकाला
Wednesday, Feb 04, 2026-08:50 AM (IST)
Bihar News : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के एक गांव से लापता हुई पांच लड़कियों को पुलिस ने नयी दिल्ली से बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सोमवार को हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, ये लड़कियां जिले के कुमारबाग थानाक्षेत्र के लखौरा गांव से सोमवार को लापता हो गई थीं। सदर-एक के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप ने बताया, "जांच में हमें इन लड़कियों के नयी दिल्ली में होने का पता चला। उन्हें बरामद कर उनके परिवारजनों के हवाले कर दिया गया है। सोमवार की शाम हमें सूचना मिली थी कि लखौरा गांव के वार्ड संख्या आठ से पांच लड़कियां लापता हो गई हैं।" उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, सभी लड़कियां सोमवार सुबह घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। एक लड़की की मां निक्की देवी ने कहा, "जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी लड़कियों को एक साथ देखा गया था और उनमें से कुछ के पास कपड़े एवं अन्य सामान भी थे।"
'बेहतर अवसरों' की तलाश में एक साथ पहुंची नयी दिल्ली
एसडीपीओ ने बताया कि लड़कियां बिना अपने माता-पिता को बताए 'बेहतर अवसरों' की तलाश में एक साथ नयी दिल्ली चली गई थीं। उन्होंने बताया कि लड़कियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच होने की संभावना है।

