प्रेमी के घरवालों ने की पिटाई, गुस्से में आकर पांच बच्चों की मां ने उठाया खौफनाक कदम... मचा हड़कंप
Sunday, Mar 01, 2026-03:59 PM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ एक महिला ने बागमती नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में कूदने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मानसी थाना क्षेत्र के रिटायर्ड रेलवे ब्रिज नंबर 51 की है। पीड़िता की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के कमरी डिघारी गांव निवासी अंशु देवी (36 वर्ष) के रूप में हुई है। वह गांव के एक प्राइमरी स्कूल में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थी। अंशु का पति संजय चौधरी मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। बताया जा रहा है कि महिला का कथित तौर पर एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर शनिवार सुबह युवक के परिजनों के साथ अंशु का विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान युवक के घर वालों ने अंशु देवी की बेरहमी से पिटाई की थी। इस अपमान और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर महिला ने रविवार को खौफनाक कदम उठा लिया।
महिला के पांच बच्चे
अंशु देवी के नदी में कूदने की खबर के बाद उसके मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है। अंशु के तीन बेटियां और दो बेटे है। परिवार पिछले कुछ समय से मुंबई में रह रहा था, लेकिन एक महीने पहले ही अंशु अपनी बड़ी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए मुंबई से वापस लौटी थी। जबकि पति मुंबई में ही था। हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। मानसी थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने महिला के साथ मारपीट की थी। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

