चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्नाटक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की मौत, ये वजह आई सामने; सुरक्षाबलों में शोक की लहर
Monday, Nov 10, 2025-11:03 AM (IST)
Kaimur News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की ड्यूटी के दौरान कर्नाटक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार की मौत हो गई। घटना कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र की है। इस दुखद घटना से पुलिस और सुरक्षाबलों में शोक की लहर है।
रामगढ़ हाई स्कूल में ठहरे थे जवान
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक पुलिस की एक टीम चुनावी ड्यूटी के लिए कैमूर जिले के रामगढ़ हाई स्कूल परिसर में ठहरी हुई थी। शुक्रवार सुबह जब साथी जवानों ने हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार को जगाने की कोशिश की, तो वे अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें तुरंत रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हार्ट अटैक से हुई मौत, BDO ने पुष्टि की
रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जितेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि राजकुमार की मौत हार्ट अटैक से हुई है। शव को भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सुरक्षाबलों में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। इस साथ ही पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

