"2010 में नीतीश DNA का सैंपल भेज रहे थे, अब उनकी जुबान बंद है", बिहारी डीएनए की चर्चा पर बोले गिरिराज

Sunday, Dec 10, 2023-12:02 PM (IST)

बेगूसराय: बिहार की राजनीति में इन दिनों तेलंगाना के नवनिर्वाचित सीएम रेवंत रेड्डी द्वारा दिए गए 'बिहारी डीएनए' वाले बयान की चर्चा जोरों पर है। बीजेपी के तमाम नेता इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी कड़ी में बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के नवनिर्वाचित सीएम रेवंत रेड्डी ने बहुत बड़ी भूल कर दी है, जो बिहार के डीएनए को गाली देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 2010 में नीतीश कुमार डीएनए का सैंपल भेज रहे थे। अब उनकी जुबान क्यों बंद है?

गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार से मांगा जवाब
गिरिराज सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2010 में मोदी जी को डीएनए भेज रहे थे लेकिन रेवंत रेड्डी कांग्रेस का मुख्यमंत्री है, इसलिए नीतीश कुमार की जुबान बंद है। गिरिराज सिंह ने रेवंत रेड्डी को चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी जब बिहार आएंगे, उनको इस पर जवाब देना होगा। इसके साथ ही उन्होंने लालू और नीतीश को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लालू यादव यह अगल-बगल दाये-बाये करने से आरक्षण नहीं होगा। हमारे डीएनए पर प्रश्न खड़ा किया गया है, नीतीश कुमार को यह जवाब देना पड़ेगा।

"मोदी को हराने के लिए भ्रष्टाचारी एक हो रहे"
वहीं, झारखंड में कांग्रेस सांसद के घर से करोड़ों रुपए बरामद हुए है। इसको लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि झारखंड के सांसद के घर 300 करोड़ निकला है। इससे पहले टीएमसी के मंत्री के घर से पैसे निकले थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में मोदी को हराने के लिए यह भ्रष्टाचारी एक हो रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static