Bihar Election 2025: एक ही सीट पर पहले Congress तो अब RJD ने उतार दिया उम्मीदवार, क्या कहता है जातीय समीकरण?
Friday, Oct 17, 2025-03:42 PM (IST)

Bihar Election 2025 (विकास कुमार): वैशाली जिले के लालगंज विधानसभा सीट (Lalganj Assembly seat) पर चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। यहां महागठबंधन के दो सबसे बड़े दल-आरजेडी और कांग्रेस आमने-सामने से एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं। आरजेडी ने यहां से बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को अपना सिंबल दे दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी लालगंज के चुनावी रण में आदित्य कुमार राजा को उतार दिया है। महागठबंधन के दो बड़े दलों में अब इस सीट पर फ्रेंडली फाइट की स्थिति बन गई है। हालांकि इससे पूरे बिहार में यह संदेश भी जा रहा है कि महागठबंधन के दलों में आपसी तालमेल नहीं है।
किसके पक्ष में हैं लालगंज के जातीय समीकरण?
लालगंज विधानसभा सीट के चुनावी नतीजे तय करने में जातीय समीकरण की सबसे अहम भूमिका होती है। इस सीट पर भूमिहार, यादव, राजपूत, मुस्लिम और एससी वोटरों की अहम भूमिका है। इसके अलावा अति पिछड़े समाज के भी वोटरों की इस सीट पर मौजूदगी है। अनुमान के मुताबिक, लालगंज सीट पर करीब 54 हजार के करीब भूमिहार वोटर हैं। वहीं लालगंज सीट पर करीब 35 हजार यादव वोटर हैं। इस सीट पर अनुसूचित जाति के 21 फीसदी वोटर्स हैं। लालगंज में करीब 9 फीसदी मुस्लिम वोटर हैं।
2024 के चुनाव में क्या था लालगंज का मिजाज?
2024 के लोकसभा चुनाव में लालगंज विधानसभा सीट पर एनडीए (चिराग पासवान वाली LJPR) ने आरजेडी उम्मीदवार पर 51 हजार एक सौ 45 वोट की लीड बनाई थी। यानी ये आंकड़े बताते हैं कि लालगंज विधानसभा सीट पर 2024 के लोकसभा चुनाव तक एनडीए की मजबूत पकड़ बनी हुई थी। हालांकि विधानसभा चुनाव में वोटिंग पैटर्न बदलने से ये आंकड़े बदल भी सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Lalganj Assembly Seat: लालगंज का किला जीतना बीजेपी के लिए नहीं होगा आसान।। Bihar Election 2025
2020 के विधानसभा चुनाव में लालगंज में कौन जीता था?
2020 के विधानसभा चुनाव में लालगंज सीट पर बीजेपी उम्मीदवार संजय कुमार सिंह ने जीत का परचम लहराया था। संजय कुमार सिंह को 70 हजार सात सौ 50 वोट मिला था। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार राकेश कुमार को 44 हजार चार सौ 51 वोट ही मिल पाया था।इस तरह से संजय कुमार सिंह ने राकेश कुमार को 26 हजार दो सौ 99 वोट के अंतर से हरा दिया था।वहीं निर्दलीय उम्मीदवार विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला 27 हजार चार सौ 60 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। मुन्ना शुक्ला निर्दलीय लड़कर 27 हजार चार सौ 60 वोट लेकर आए थे। यही वजह है कि आरजेडी ने इस बार मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला पर भरोसा जताया है। अगर मुन्ना शुक्ला को मिले वोटों का बड़ा हिस्सा शिवानी शुक्ला लेकर आईं तो महागठबंधन के आधार वोट के जुड़ने से बीजेपी को यहां कड़े मुकाबले में फंसाया जा सकता है। हालांकि कांग्रेस उम्मीदवार के चुनावी मैदान में होने से महागठबंधन के वोटरों में बिखराव होने का खतरा बढ़ गया है।
मुन्ना शुक्ला का लालगंज से क्या संबंध रहा है? Lalganj Assembly seat
लालगंज की पहचान सिर्फ खेती किसानी से नहीं, बल्कि बाहुबल और अपराध से भी जुड़ी रही है। इस क्षेत्र की सियासत में लंबे अरसे तक जिन बाहुबलियों का असर रहा है,उनमें सबसे चर्चित नाम है विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला। मुन्ना शुक्ला तीन बार विधायक रह चुका है और कुख्यात अपराधी छोटन शुक्ला का छोटा भाई है। तत्कालीन मंत्री बृज बिहारी प्रसाद हत्याकांड में निचली अदालत ने मुन्ना शुक्ला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन पटना हाईकोर्ट से बरी होने के बाद वे राजनीति में लौटे और 2000 में निर्दलीय, फरवरी 2005 में एलजेपी और अक्टूबर 2005 में जेडीयू के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते थे। मुन्ना शुक्ला की पत्नी अन्नू शुक्ला ने 2010 में जेडीयू से जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को पलटते हुए मुन्ना शुक्ला को फिर से आजीवन कारावास की सजा सुना दी।
बीजेपी ने एक बार फिर संजय कुमार सिंह पर जताया है भरोसा
बीजेपी ने एक बार फिर लालगंज विधानसभा सीट से संजय कुमार सिंह पर ही भरोसा जताया है। संजय कुमार सिंह ने 2020 के विधानसभा चुनाव में ठीक ठाक मार्जिन से जीत हासिल की थी। इस बार तीन तरफा मुकाबले में भूमिहार वोटरों के तीन जगह बंटने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अति पिछड़े और अनुसूचित जाति के वोटरों के रूझान पर ही लालगंज का चुनावी नतीजा निर्भर करता है। वहीं इस सीट पर अनुसूचित जाति के वोटरों को एनडीए के साथ जोड़ कर रखने में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की अहम भूमिका होगी,इसलिए ये कहना सही होगा कि चिराग पासवान के हाथ में लालगंज के ताले की चाभी है।
यह भी पढ़ें- Congress Candidate List: नाराजगी के बीच कांग्रेस ने इन सीटों पर बांटे टिकट, देखें लिस्ट