फेमस ब्लॉगर की हत्या का CCTV वीडियो आया सामने, बहस के बाद चलीं अंधाधुंध गोलियां, 3 मिनट के खौफनाक फुटेज से फैली दहशत
Monday, Feb 02, 2026-12:37 PM (IST)
Blogger murder case : बिहार के पूर्णिया जिले में चर्चित कारोबारी और सोशल मीडिया ब्लॉगर सूरज बिहारी की हत्या के मामले में अब 3 मिनट का CCTV फुटेज सामने आया है। घटना के पांच दिन बाद सामने आए इस फुटेज ने वारदात की भयावहता को उजागर कर दिया है, जिसमें अंधाधुंध फायरिंग, भगदड़ और हमले के बाद का अफरा-तफरी भरा माहौल साफ दिखाई देता है। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद
यह घटना 27 जनवरी की रात मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार इलाके में एक पार्क के पास हुई थी। जानकारी के मुताबिक, सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी पंचायत के दौरान सूरज बिहारी अपने छोटे भाई उदय यादव के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ एक बॉडीगार्ड भी मौजूद था, लेकिन पंचायत से पहले सुरक्षा कारणों से गार्ड का हथियार बाहर रखवा दिया गया था।

इस घटना के CCTV फुटेज में देखा गया है कि सूरज बिहारी चार अन्य लोगों के साथ एक घर के सामने से गुजरते हुए पास में खड़ी काली स्कॉर्पियो के पास रुकते हैं। कुछ ही सेकेंड बाद ऑरेंज रंग की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार युवक वहां पहुंचते हैं और बहस के बाद हाथापाई शुरू हो जाती है। इसी दौरान हथियारों से लैस बदमाश दौड़ते हुए पहुंचते हैं और फायरिंग शुरू कर देते हैं।

फायरिंग करते हुए आरोपी फरार
CCTV के अनुसार, पहली गोली रात 10 बजकर 20 मिनट 43 सेकेंड पर चलाई गई। फिर 10 बजकर 21 मिनट पर दूसरी गोली मारी गई दो उनके सीने में लगी तो वहीं तीसरी गोली उनके पेट में जा लगी, जिसके बाद वह लड़खड़ाते हुए नीचे गिर गए। इसके बाद एक अपराधी ने फायरिंग की और सभी फरार हो गए। घटना के बाद सूरज बिहारी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की जांच के लिए विशेष कार्यबल (STF) और विशेष जांच टीम (SIT) को लगाया गया है।

