Crime: पहले लाठी डंडो से मारा...फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, बिहार के इस जिले में किशोर की निर्मम हत्या से फैली दहशत
Wednesday, Jan 21, 2026-03:57 PM (IST)
Bihar Crime News: बिहार के लखीसराय जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ एक किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में डर का माहौल बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना किऊल थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के पास हुई। मृतक की पहचान गोड्डी गांव निवासी मनोज यादव के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। गौरव सुबह घर से किसी काम के लिए निकला था, तभी रुदल यादव और उनके पुत्र ने उस पर हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पहले दोनों ने लाठी-डंडे से हमला किया, इसके बाद रुदल यादव के पुत्र ने गौरव को चाकू से कई जगह घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है।

