होलिका दहन के बहाने ले गया खेत, फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; नृशस हत्याकांड की वजह उड़ा देगी होश
Wednesday, Mar 04, 2026-10:37 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के शिवहर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां होली के हुड़दंग से पहले उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए गांव के ही एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पिछले एक दशक से बदले की फिराक में था और मौका मिलते ही उसने इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान विनोद राय के रुप में हुई है। आरोपी अरुण कुमार मन में 10 साल पहले हुई अपने पिता की मौत को लेकर बदले की भावना पाले बैठा था। दरअसल, एक दशक पहले उसके पिता की जान खेत में फसल सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से चली गई थी। वह खेत विनोद राय का था। अरुण को हमेशा से यह शक था कि उसके पिता की मौत का जिम्मेदार विनोद ही है।
होलिका दहन की तैयारी के बहाने रची हत्या की साजिश
सोमवार की शाम अरुण ने होलिका दहन की तैयारी और लकड़ी इकट्ठा करने की बात कहकर विनोद राय को उसके घर से बुलाकर खेत की तरफ ले गया। बताया जा रहा है कि उस वक्त आरोपी नशे की हालत में था। सुनसान जगह मिलते ही अरुण ने विनोद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गया।
खेत में पड़ा मिला शव
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में विनोद राय का क्षत-विक्षत शव देखा, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मुख्य आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा है। पुलिस हर तकनीकी पहलू की जांच कर रही है।++++

