Family Planning Bihar: अस्थाई साधनों का उपयोग 17% तक बढ़ा
Saturday, Sep 20, 2025-09:55 PM (IST)

पटना:परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। इस साल अभी तक परिवार नियोजन के लिए इस्तेमाल में लाए जा रहे अस्थाई साधनों की मांग और खपत को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि महिला और पुरुष दोनों परिवार नियोजन के प्रति तेजी से अपना कदम आगे बढ़ा रहे हैं।
आंकड़े बता रहे हैं कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अभी तक करीब 16.41% अधिक गर्भ निरोधक के अस्थाई साधनों (कॉपर-टी, अंतरा, छाया, माला एन, ईजी पिल) का वितरण किया गया है।
राज्य स्वास्थ्य समिति के अधिकारियों का कहना है कि जागरुकता बढ़ने की वजह से लोग अपने दो बच्चों के बीच निर्धारित अंतर रखना चाह रहे हैं। लोग परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों पर ज्यादा भरोसा जता रहे हैं। वह इसे परिवार नियोजन का बेहतर माध्यम मान रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग परिवार नियोजन के लिए कई योजना चला रहा है। जिसके तहत स्थाई और अस्थाई संसाधनों को परिवार नियोजन की दिशा में बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि पिछले साल के सापेक्ष इस बार अभी तक 26 लाख 36 हजार 692 अधिक परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों का इस्तेमाल किया गया है। अस्थाई साधनों के इस्तेमाल में अलग-अलग श्रेणी में 15 से 17 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।
आंकड़े बता रहे हैं कि पिछले वर्ष 2024-25 में 11 लाख 84 हजार 209 साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली छाया का वितरण किया गया था जो इस बार अभी तक 14 लाख 130 की संख्या में वितरित हो चुका है। यानी इस बार पिछले वर्ष की तुलना में दो लाख 15 हजार 921 अधिक गर्भनिरोधक गोली छाया का वितरण किया गया है। यह पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह पिछले वर्ष चार लाख 39 हजार 40 आपातकालीन गर्भ निरोधक गोली वितरित हुआ था। इस बार यह संख्या अभी तक पांच लाख 43 हजार 780 तक पहुंच गई है। यानी आपातकालीन गर्भ निरोधक गोली वितरण में इस बार एक लाख चार हजार 740 का इजाफा हुआ है। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।
दैनिक गर्भ निरोधक गोली के सेवन के मामले में भी महिलाओं ने पिछले साल के आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है। पिछले वर्ष 14 लाख 34 हजार 74 दैनिक गर्भ निरोधक गोली का वितरण किया गया था। इस साल अभी तक करीब 17 प्रतिशत बढ़ोत्तरी के साथ यह संख्या 16 लाख 69 हजार 758 तक पहुंच चुकी है।
परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों में पिछले साल की तुलना में पुरुषों के बीच 20 लाख 80 हजार 347 अधिक कॉडोम का वितरण किया गया है। पिछले वर्ष एक करोड़ 37 लाख छह हजार 691 कॉडोम वितरित किए गए थे। जबकि इस बार अब तक एक करोड़ 24 लाख 57 हजार से अधिक का वितरित हो चुका है। यह पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। इस तरीके से पिछले वर्ष एक करोड़ 34 लाख 34 हजार 34 की तुलना में इस साल अभी तक एक करोड़ 60 लाख 70 हजार 748 अधिक गर्भनिरोधक के अस्थाई साधन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों के बीच वितरित किए गए हैं। यह पिछले साल के सापेक्ष 17 प्रतिशत अधिक है।