डिप्टी CM रेणु देवी ने कहा- बिहार में 4 इकाइयों में हो रहा है इथेनॉल का उत्पादन

3/5/2022 9:49:59 AM

पटनाः बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में चार अलग-अलग मिलों में इथेनॉल का उत्पादन किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सदस्य ललित यादव के एक अल्पसूचित प्रश्न के उत्तर के दौरान हस्तक्षेप करते हुए कहा कि रामनगर, नरकटियागंज, गोपालगंज और सुगौली में ईथेनॉल का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां की चीनी मिलें इथेनॉल का उत्पादन कर रही हैं।

ललित यादव ने अपने पूरक प्रश्न के माध्यम से जानना चाहा कि जब मंत्री विजेंद्र यादव ने अपने लिखित उत्तर में बताया है कि चार ईथेनॉल उत्पादक कारखाने कार्यरत हैं वहीं 17 ईथेनॉल कारखाने प्रक्रिया में हैं , तब सरकार चार इकाइयों से ईथेनॉल के उत्पादन की मात्रा और उनकी स्थिति से सदन को अवगत कराने के साथ ही राज्य में स्थापित की जा रही अन्य 17 इथेनॉल कारखानों का ब्योरा भी दे।

राजद के ललित यादव ने केंद्र के सुशासन सूचकांक का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें बिहार को सबसे निचले पायदान पर रखा गया है, जिस पर मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि बिहार अभी भी पिछड़ा राज्य है और इसे विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में जो भी प्रगति दिखाई दे रही है वह वर्ष 2005 के बाद हुई है। बिहार के सामाजिक-आर्थिक, भौगोलिक और जनसांख्यिकीय विवरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए विशेष दर्जा आवश्यक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static