दहेज के लोभियों ने चढ़ा दी चार माह की गर्भवती महिला की बलि, हत्या करने के बाद आरोपी फरार

10/6/2022 1:15:16 PM

गोपालगंज: बिहार में दहेज के दानवों ने फिर एक बेटी की बलि चढ़ा दी। दरअसल, बिहार के गोपालगंज जिले में दहेज के लोभियों ने एक बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। चार माह की गर्भवती महिला की हत्या से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या की जांच कर रही है।

घटना गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव की है, जंहा पर रहने वाली सोनी देवी की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका महिला की शादी बिजेंद्र साह से पांच महीने पहले 9 मई 2022 को हुई थी। पुलिस ने हत्या के बाद आरोपी सास तीजा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतका के पति समेत बाकी के सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पैसों की करते थे मांग
मृतका की मां ने बताया कि दहेज के दानवों ने चंद पैसों के लिए मेरी बेटी की बेरहमी से पिटाई की। साथ ही रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या करने के बाद सोनी के पति ने फोन पर खबर दी और उसके बाद सभी फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक सामान और शादी के खर्च के लिए नगद पैसे भी दिए थे। इसके बाद ससुराल वाले दहेज के पैसों के लिए सोनी को प्रताड़ित किया करते थे। उसके साथ मारपीट भी किया करते थे।

दामाद ने फोन कर दी जानकारी
परिजनों का आरोप है कि सोनी को बात करने के लिए मोबाइल फोन दिया गया था, जो ससुराल वालों ने छीनकर रख लिया था। मृतका के परिजनों का कहना है कि 4 अक्टूबर की रात के 12 बजे सोनी के पति बिजेंद्र साह ने फोन कर हत्या की खबर दी। उसके बाद सभी फरार हो गए। 

पुलिस कर रही है छापेमारी 
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी सास तीजा देवी को गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

ये सिलसिला कब तक
बिहार में आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। दहेज के लोभियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। जाने कितनी बेटियों की दहेज के लिए बलि चढ़ती रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static