मिट्टी विवाद का खौफनाक अंजाम, खेत में काम कर रहे किसान की पीट-पीटकर हत्या, मचा हड़कंप
Saturday, Jun 27, 2026-04:00 PM (IST)
Bihar Crime: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सिसवा मंगल गांव निवासी किसान रामबिहारी पांडेय शुक्रवार को अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड तथा अन्य हथियारों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। परिजन घायल किसान को इलाज के लिए पहले ढाका रेफरल अस्पताल ले गए, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया गया। मोतिहारी ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- मोहर्रम जुलूस के दौरान खूनी खेल, 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में तनाव
सूत्रों ने बताया कि मृतक के पुत्र धीरज कुमार पांडेय ने पुलिस को दिए आवेदन में 10 नामजद और पांच-सात अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में घटना के पीछे खेत की मिट्टी कटवाकर बेचने के विवाद को कारण बताया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

