शीतलहर का असर! बिहार के इस जिले में आंगनबाड़ी से क्लास 12 तक छुट्टी, DM का आदेश जारी
Sunday, Jan 04, 2026-06:45 PM (IST)
School Closed News: बिहार के सीतामढ़ी जिले में लगातार बढ़ रही सर्दी और शीतलहर ने जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया है। बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए बड़ा कदम उठाते हुए सभी सरकारी व निजी स्कूलों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में कक्षा 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 6 जनवरी तक स्थगित कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी का सख्त आदेश: 4 से 6 जनवरी तक कोई क्लास नहीं
जिलाधिकारी ने आधिकारिक आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि तापमान में निरंतर गिरावट और ठंड के बढ़ते प्रकोप से बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा है। इसलिए 4 जनवरी से 6 जनवरी तक सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई पूरी तरह रोकी जाएगी। सभी स्कूल प्रबंधनों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी जारी रहेगी
आदेश में राहत की बात यह है कि बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं के लिए चल रही विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं प्रभावित नहीं होंगी। ये पहले की तरह जारी रहेंगी, ताकि छात्रों की तैयारी पर कोई असर न पड़े।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को घर पर रखें और ठंड से बचाव के उपाय करें। मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे आदेश जारी किए जाएंगे।

