बम से उड़ा देंगे...बिहार के इस जिले के सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मची अफरा-तफरी
Monday, Mar 09, 2026-03:27 PM (IST)
Civil Court Bomb Threat : बिहार के बेगूसराय सिविल कोर्ट को सोमवार को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद अदालत परिसर के भीतर और बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष ने बताया, "सोमवार सुबह अदालत प्रशासन को ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम अदालत परिसर की जांच कर रही है।" उन्होंने बताया कि अदालत परिसर की पूरी तरह जांच कर ली गयी है। एसपी ने कहा, "अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। फिर भी एहतियात के तौर पर पूरे अदालत परिसर की गहन जांच की जा रही है।"
इस बीच खगड़िया के एसपी ने बताया कि वहां के सिविल कोर्ट में पुलिस द्वारा सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "खगड़िया सिविल कोर्ट को कोई बम की धमकी नहीं मिली है, लेकिन अन्य जगहों पर ई-मेल से धमकी मिलने की खबरों के मद्देनजर एहतियात के तौर पर अदालत परिसर में सुरक्षा जांच और अभ्यास किया जा रहा है।"

