कन्हैया कुमार की पदयात्रा पर पुलिस की कार्रवाई, 40 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

Saturday, Apr 12, 2025-09:45 PM (IST)

पटना:'पलायन रोको, नौकरी दो' अभियान के तहत मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार समेत करीब 40 कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि यह पदयात्रा बिना अनुमति के निकाली गई थी और पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए धक्का-मुक्की की।

नगर निगम के रजिस्ट्रार गोपाल प्रसाद चौहान की लिखित शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई है। सभी नेताओं को एसकेपुरी थाने ले जाया गया, जहां बांड भरवाकर उन्हें रिहा कर दिया गया। डीएसपी साकेत कुमार ने बताया कि मामले में दर्ज सभी धाराएं जमानती हैं।

पुलिस बैरिकेडिंग को किया पार, फिर लाठीचार्ज

शुक्रवार को सदाकत आश्रम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कन्हैया कुमार के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू की थी। यह यात्रा मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रही थी, लेकिन पुलिस ने राजापुर इलाके में बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की। जब कार्यकर्ता नहीं माने, तो झड़प हुई और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद कन्हैया समेत 40 लोगों को हिरासत में लिया गया।

रसोई गैस मूल्य वृद्धि पर बक्सर में विरोध प्रदर्शन

इधर, घरेलू गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बक्सर में केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यक्रम की अगुवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि महंगाई से पहले से परेशान जनता पर गैस की कीमतें बढ़ाकर सरकार ने और बोझ डाल दिया है।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने वादों से भटक चुकी है—न तो हर परिवार को 15 लाख मिले, न किसानों की आमदनी दोगुनी हुई और न ही युवाओं को सालाना दो करोड़ नौकरियां मिलीं। इस विरोध प्रदर्शन में डॉ. प्रमोद ओझा, संजय पांडेय, महिमा उपाध्याय, निर्मला देवी, पुष्पा वर्मा समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static