Bihar Ka Mausam Today 5 January 2026: पटना समेत पूरे बिहार में कंपकंपी, अगले सप्ताह तक ठंड से कोई राहत नहीं!
Monday, Jan 05, 2026-08:50 AM (IST)
Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी का असर अब साफ तौर पर मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही सर्द पछुआ हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि दिन में भी लोगों को कंपकंपी महसूस हो रही है और शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
पछुआ हवाओं से गिरा पारा, सुबह-शाम बढ़ी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, लगातार बह रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। रात के समय आसमान साफ रहने और दिन में धूप कमजोर रहने से ठंड का असर और तीखा हो गया है। सुबह और देर रात लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।
उत्तर बिहार में शीत दिवस का खतरा, दक्षिण में और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कई जिलों में शीत दिवस (Cold Day) की संभावना जताई है। वहीं दक्षिण बिहार में रात के तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। आने वाले दिनों में ठंड के तेवर और सख्त हो सकते हैं।
28 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड में
घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने बिहार के 28 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दृश्यता काफी कम रहने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कुछ जिलों में हल्के कोहरे के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ठंड के कारण स्कूल बंद, बच्चों की सुरक्षा पर जोर
कड़ाके की ठंड और कोहरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
भागलपुर, नालंदा और बक्सर में आठवीं कक्षा तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। वहीं मुजफ्फरपुर, मधुबनी, औरंगाबाद सहित अन्य जिलों में भी जिला प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
Patna Weather Update: राजधानी में कोहरा और सर्द हवा
पटना में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रह सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर बरकरार रहेगा। सर्द पछुआ हवाएं ठंड को और तीखा बना रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक बिहार में ठंड और कोहरे का सिलसिला जारी रहेगा। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

