बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव, उपेंद्र कुशवाहा समेत ये 5 नेता फिर जा पाएंगे उच्च सदन?

Wednesday, Feb 18, 2026-01:35 PM (IST)

Rajya Sabha Election 2026 : भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों के लिए आगामी 16 मार्च को मतदान होगा और उसी शाम परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। बिहार में भी 5 सीटों पर चुनाव होने हैं, जहाँ कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है।

उपेंद्र कुशवाहा समेत ये 5 नेता फिर जा पाएंगे उच्च सदन?

बिहार की जिन 5 सीटों पर चुनाव होना है, उन पर वर्तमान में अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, उपेंद्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर काबिज हैं। इन सभी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहे हैं कि अब इन नेताओं की जगह राज्यसभा में कौन जाएगा। उपेंद्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। बीजेपी अब विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए वह कम से कम 2 सीटों पर अपना दावा करेगी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू भी अपनी 2 वर्तमान सीटों (हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर) को बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में उपेंद्र कुशवाहा की सीट को लेकर एनडीए के भीतर मंथन हो सकता है। एनडीए के 202 विधायकों के आधार पर वह 4 सीटें (168 वोट) आसानी से जीत सकता है और उसके पास 34 अतिरिक्त वोट बचेंगे। वहीं, विपक्षी महागठबंधन की स्थिति इस बार काफी कमजोर है, जिससे उसकी एक सीट पर भी कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान

भारत निर्वाचन आय़ोग की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार 10 राज्यों में होने वाले चुनाव के तहत बिहार की इन सीटों के लिए 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी होगी। मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा। 16 मार्च को मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना की जाएगी।  ये सीट महाराष्ट्र (सात सीट), ओडिशा (चार सीट), तेलंगाना (दो सीट), तमिलनाडु (छह सीट), छत्तीसगढ़ (दो सीट), पश्चिम बंगाल (पांच सीट), असम (तीन सीट), हरियाणा (दो सीट), हिमाचल प्रदेश (एक सीट) एवं बिहार (पांच सीट) में दो एवं नौ अप्रैल को रिक्त हो रही हैं और चुनाव के लिए अधिसूचनाएं 26 फरवरी को जारी की जाएंगी।

वोटिंग के लिए 'विशेष पेन' का होगा इस्तेमाल

चुनाव आयोग ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। मतदान के दौरान वरीयता दर्ज करने के लिए केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए 'बैंगनी रंग के स्केच पेन' का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन का इस्तेमाल होने पर मतपत्र अवैध माना जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static