Samriddhi Yatra: समृद्धि यात्रा के तहत सिवान को बड़ी सौगात, CM नीतीश कल करेंगे 201 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास
Tuesday, Jan 20, 2026-06:56 PM (IST)
Samriddhi Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में सिवान पहुंचेंगे और जिले को 201.83 करोड़ रुपये की 71 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 40 नई योजनाओं का शिलान्यास और 31 पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
मैरवा से सिवान तक, मिनट-टू-मिनट तय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का दौरा सुबह करीब 11 बजे शुरू होगा। वे मैरवा स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए 16 स्टॉल्स का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे जीविका दीदियों से संवाद करेंगे और उनके स्वावलंबन से जुड़ी सफल कहानियां सुनेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सिवान शहर पहुंचेंगे और तय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर करीब 1 बजे वे डीएवी कॉलेज हेलीपैड से पटना के लिए रवाना होंगे। महज दो घंटे के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले भर में 293 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जल-जीवन-हरियाली पार्क में देंगे पर्यावरण का संदेश
मुख्यमंत्री पंचमंदिरा स्थित जल-जीवन-हरियाली पार्क का भी भ्रमण करेंगे। पार्क को खास रूप देने के लिए कोलकाता से हरी घास मंगवाई गई है। यहां मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तालाब में चार हंस और 25 किलो रंगीन मछलियां छोड़ेंगे। पार्क की दीवारों पर जल संरक्षण और हरियाली के महत्व को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग्स बनाई गई हैं।
आम लोगों के लिए प्रशासनिक दिशा-निर्देश
भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने शहर में 9 पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया है। वीआईपी वाहनों की पार्किंग एकता इंडोर स्टेडियम और डीएवी स्कूल परिसर में होगी। मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले फूल और गुलदस्तों की भी सुरक्षा जांच की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 06154-242000 जारी किया है।

