सीेएम नीतीश ने ''बांस घाट'' के विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये निर्देश
Saturday, Feb 28, 2026-01:22 PM (IST)
Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को बांस घाट में शवदाह गृह परिसर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बांस घाट क्षेत्र स्थित विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ने बांस घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन अत्याधुनिक शवदाह गृह परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
बेली रोड-गंगा पथ कनेक्टिविटी पर भी जोर
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क के निर्माण कार्य के प्रगति की भी अधिकारियों से जानकारी ली। इस निर्माणाधीन दो-लेन संपर्क सड़क को नेहरू पथ (बेली रोड) के आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट होते हुए जे.पी. गंगा पथ से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बांस घाट में शवदाह गृह परिसर का निर्माण निर्धारित समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि यहाँ अंतिम संस्कार में शामिल होने बड़ी संख्या में लोग पहुँचते हैं उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएं। मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन दो-लेन संपकर् सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाकर बेहतर ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। इस पथ का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से नेहरू पथ और जे0पी0 गंगा पथ के बीच सीधी संपकर्ता होगी जिससे लोगों को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा उपस्थित थे।

