राजगीर में विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55वें वार्षिक समारोह में शामिल हुए CM नीतीश, भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना भी की

Friday, Oct 25, 2024-06:08 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज नालंदा जिला के राजगीर में विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55वें वार्षिक समारोह में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बड़ी खुशी की बात है कि विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55वें वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही यहां देश-विदेश खासकर जापान से पधारे सभी अतिथियों का अभिनंदन एवं स्वागत करता हूं। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध का राजगीर से काफी पुराना संबंध है। वे वेणुवन में रहा करते थे और फिर यहां से गया चले गये थे, जहां उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और तब से उस स्थान को बोधगया के नाम से जाना जाता है। भगवान बुद्ध ज्ञान प्राप्ति के बाद 'उत्तर प्रदेश के सारनाथ' चले गए जहां उन्होंने पहला उपदेश दिया। उसके बाद वे पुनः राजगीर आए और यहीं पास के गृद्धकूट पर्वत पर उपदेश देने लगे। इसके बाद वे वैशाली एवं अन्य जगहों पर गए। अंत में वे बहुत बीमार हो गए थे और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर पहुंचे जहां उनका महापरिनिर्वाण हो गया। उन्होंने कहा कि हमने राजगीर में भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थलों का विकास कराया है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55वें वार्षिक समारोह में पधारे सभी लोगों को मैं धन्यवाद देता हूं। इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए राजगीर बुद्ध विहार सोसायटी को भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने विश्व शांति स्तूप की परिक्रमा की और भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

PunjabKesari

कार्यक्रम को वाइस चेयरमैन, राजगीर बुद्ध विहार सोसायटी तथा चेयरमैन बोर्ड ऑफ डायरेक्टर सीजीसी कंपनी लिमिटेड ऑफ जापान अत्शुहिरो होरीयुची ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंटकर किया गया।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री को परम पावन दलाई लामा के द्वारा भेजे गए उपहार को भेंट किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजगीर विश्व शांति स्तूप से जुड़े चीफ मांक एंड वाइस चेयरमैन, राजगीर बुद्ध विहार सोसायटी अत्शुहिरो होरीयुची तथा सीईओ, सेंटोकू कंपनी लिमिटेड केनसुके होरीयुची को प्रतीक चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने विश्व शांति स्तूप, राजगीर के 55वें वर्षगांठ के अवसर पर रोप-वे के निकट नवनिर्मित एकीकृत भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छ राजगीर अभियान का शुभारंभ किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static