बिहार में टूट जाएगा महागठबंधन! कांग्रेस में RJD से अलग होने की मांग तेज, वरिष्ठ नेता बोले- अपने दम पर चुनाव लड़े तो...
Thursday, Dec 04, 2025-10:53 AM (IST)
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस के भीतर ‘इंडिया' गठबंधन से बाहर आने की मांग जोर पकड़ने लगी है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि कांग्रेस (Congress) यदि अपने दम पर चुनाव लड़े तो उसका संगठन और जनाधार दोनों मजबूत होंगे तथा राहुल गांधी के नेतृत्व को अधिक सार्थक समर्थन मिलेगा।
अब Congress को ‘इंडिया' गठबंधन से अलग हो जाना चाहिए- Kishore Kumar Jha
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार झा (Kishore Kumar Jha) ने कहा कि पार्टी को अब ‘इंडिया' गठबंधन से अलग हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन से बाहर रहकर संघर्ष करने पर ही कांग्रेस बिहार और देश में फिर मजबूत होगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा और वोटर अधिकार यात्रा से उनकी छवि में सकारात्मक बदलाव आया है। आम लोगों में उनके प्रति विश्वास और स्वीकार्यता बढ़ी है।” सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को सदाकत आश्रम में चुनावी परिणामों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में भी महागठबंधन से अलग होने की आवाजें उठीं थीं। कांग्रेस महिला विभाग की पूर्व अध्यक्ष सरवत जहां फ़ातिमा ने कहा कि यदि पार्टी अकेले चुनाव लड़ती तो परिणाम बेहतर हो सकते थे। फातिमा ने टिकट वितरण में महिलाओं को “अपर्याप्त प्रतिनिधित्व” का आरोप लगाकर इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के इस आरोप को खारिज किया कि कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन की वजह से ‘इंडिया' गठबंधन की हार हुई। उन्होंने कहा, “चुनाव में ‘दोस्ताना लड़ाई' जैसी कोई चीज नहीं होती। लड़ाई तो लड़ाई होती है। गठबंधन और लठबंधन साथ-साथ नहीं चल सकते।”
पटना जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष शशि रंजन ने भी हार के लिए राजद को जिम्मेदार बताते हुए कहा, “तेजस्वी यादव गठबंधन की हार के लिए जिम्मेदार हैं।” बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान महागठबंधन के भीतर 11 सीट पर ‘दोस्ताना लड़ाई' हुई थी, जिसमें कई स्थानों पर कांग्रेस और राजद एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थे। कुछ सीट पर कांग्रेस के सामने महागठबंधन के अन्य घटक दलों के उम्मीदवार खड़े थे।

