नवादा सीट से चंदन सिंह चुनावी रेस से बाहर, NDA और महागठबंधन प्रत्याशी पहली बार में आजमाएंगे किस्मत

3/30/2024 3:03:12 PM

पटना: लोकसभा चुनाव 2024 में नवादा संसदीय सीट से जहां लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के सांसद चंदन सिंह चुनावी रेस से बाहर हो गए हैं वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के उम्मीदवार पहली बार इस सीट पर किस्मत आजमाएंगे। 

चंदन सिंह ने 2019 में लोजपा के टिकट पर हासिल की थी सीट
नवादा सीट से चंदन सिंह ने वर्ष 2019 के चुनाव में राजग के घटक दल लोजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। चंदन सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रत्याशी और पूर्व बाहुबली विधायक राजवल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को पराजित किया था। लोजपा में टूट के बाद चंदन सिंह अपने बड़े भाई सूरजभान सिंह के साथ पशुपति पारस के खेमे में शामिल हो गए थे। कुछ दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने सीट बंटवारे को लेकर राजग का दामन छोड़ दिया था। इस बार के चुनाव में चंदन सिंह चुनावी रेस से बाहर हो गए हैं। 

पहली बार लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे विवेक ठाकुर
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों में तालमेल के तहत लोजपा के कोटे से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के हिस्से में आई नवादा सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.ठाकुर के पुत्र और राज्यसभा सासंद विवेक ठाकुर उम्मीदवार हैं। विवेक ठाकुर पहली बार लोकसभा के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं महागठबंधन में शमिल राजद ने श्रवण कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। श्रवण कुशवाहा पूर्व में गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र और साथ ही स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। श्रवण कुशवाहा भी लोकसभा चुनाव में पहली बार अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं नवादा लोकसभा सीट के लिए श्रवण कुशवाहा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद राजद नेता और पूर्व विधायक राजवल्लभ यादव के भाई विनोद यादव ने नाराज होकर राजद के सभी पद से इस्तीफा दे दिया है और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नवादा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static