बक्सर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 2.5 करोड़ की हेरोइन बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

Monday, Sep 08, 2025-08:32 PM (IST)

बक्सर:बक्सर पुलिस ने डुमराँव थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.311 किलो हेरोइन (अनुमानित मूल्य करीब 2.5 करोड़ रुपये) बरामद की है। पुलिस ने इस धंधे में शामिल चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

07 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमराँव थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला स्थित नाला पर गोलु राय और उसके पिता उमेश राय हेरोइन बेच रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गठित SIT ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 73 पुड़िया हेरोइन (5.5 ग्राम) और ₹8,500 नकद बरामद हुआ।

मास्टरमाइंड के घर से बरामद हुआ बड़ा खेप

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप नारायण उपाध्याय से लाई जाती है। पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा तो भागने की कोशिश नाकाम रही। तलाशी में 2.256 किलो हेरोइन, 108 ग्राम पाउडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2 चाकू और कार से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पति-पत्नी चलाते थे हेरोइन का धंधा

नारायण उपाध्याय और उसकी पत्नी कंचन देवी हेरोइन की सप्लाई का नेटवर्क चलाते थे। दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस की टीम ने दिखाया साहस

इस ऑपरेशन में डुमराँव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप पांडे, कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static